आगरा DPS कांड: नाबालिग के खिलाफ FIR खारिज, तीन पुलिसकर्मी सस्पेंड, SHO पर जांच
आगरा के DPS सिकंदरा छात्र पिटाई मामले में बड़ा प्रशासनिक एक्शन सामने आया है। नाबालिग आरोपी के खिलाफ दर्ज FIR को निरस्त कर दिया गया है, जबकि मामले में लापरवाही बरतने वाले तीन पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है। इसके साथ ही संबंधित थाना प्रभारी (SHO) के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
जानकारी के मुताबिक, इस पूरे प्रकरण में किशोर न्याय अधिनियम के नियमों की अनदेखी की गई थी, जिसके चलते यह सख्त कार्रवाई की गई। वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए साफ संकेत दिया है कि नाबालिगों से जुड़े मामलों में कानून का उल्लंघन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस कार्रवाई के तहत दरोगा मनीपाल सिंह समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है। वहीं, SHO की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
मामले में अब आगे की सुनवाई किशोर न्याय बोर्ड द्वारा की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


