आगरा, 9 मार्च 2026। राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम के तहत जनपद में सोमवार से विशेष कुष्ठ रोगी खोज अभियान शुरू कर दिया गया है Tv92News

Spread the love

कुष्ठ रोगी खोज अभियान की शुरुआत
जनपद में 23 मार्च तक चलेगा विशेष सर्वे अभियान
स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर कर रही मरीजों की पहचान
लोगों को कुष्ठ रोग के प्रति किया जा रहा जागरूक
आगरा, 09 मार्च 2026।
राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम के तहत जनपद में सोमवार से विशेष कुष्ठ रोगी खोज अभियान शुरू कर दिया गया है। इस अभियान के अंतर्गत 23 मार्च तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर संभावित मरीजों की पहचान करेंगी और लोगों को इस बीमारी के प्रति जागरूक भी करेंगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि जिले में कुल 4905 टीमों को इस अभियान में लगाया गया है। ये टीमें घर-घर जाकर दो वर्ष से अधिक आयु के सभी लोगों की जांच करेंगी। यदि किसी व्यक्ति में कुष्ठ रोग की पुष्टि होती है तो उसे मल्टी ड्रग थेरेपी (एमडीटी) के माध्यम से निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे मरीज पूरी तरह स्वस्थ होकर सामान्य जीवन जी सके।
जिला कुष्ठ रोग अधिकारी डॉ. जितेन्द्र कुमार लवानिया ने बताया कि कुष्ठ रोग कोई छुआछूत की बीमारी नहीं है, इसलिए रोगियों के साथ भेदभाव नहीं किया जाना चाहिए। यह बीमारी भी अन्य सामान्य रोगों की तरह है और समय पर इलाज मिलने से पूरी तरह ठीक हो सकती है। अगर उपचार में देरी हो जाए तो समस्या गंभीर हो सकती है, इसलिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर मरीजों की पहचान कर रही हैं।
डिप्टी डीएलओ एवं त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. ध्रुव गोपाल के अनुसार यह बीमारी माइकोबैक्टीरियम लैप्री नामक जीवाणु से होती है। यह साथ बैठने, खाने-पीने या सामान्य संपर्क से नहीं फैलती और न ही यह आनुवांशिक रोग है। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति में इसके लक्षण दिखाई दें तो तुरंत जांच करानी चाहिए। कुष्ठ रोग की जांच और उपचार पूरी तरह निःशुल्क है तथा समय पर इलाज से दिव्यांगता से भी बचाव संभव है।
कुष्ठ रोग के संभावित लक्षण:
• त्वचा के रंग में बदलाव और उस स्थान पर सुन्नपन महसूस होना।
• त्वचा का अधिक चमकीला या तैलीय दिखाई देना।
• कान के लोब का मोटा होना या त्वचा पर गांठ बनना।
• आंखें बंद करने में परेशानी या लगातार पानी आना।
• भौंहों का झड़ना या कम होना।
• हाथों में घाव या दर्द रहित जख्म।
• कपड़ों के बटन बंद करने में कठिनाई।
• हाथ-पैर की उंगलियों का मुड़ना।
• चलते समय पैर घिसटना या फुट ड्रॉप की समस्या।
TV92 News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *