Agra:ताजमहल में खोया ₹20 हजार का मोबाइल ताज सुरक्षा पुलिस ने 30 मिनट में ढूंढकर पर्यटक को लौटाया Tv92News

Spread the love

ताजमहल में खोया ₹20 हजार का मोबाइल ताज सुरक्षा पुलिस ने 30 मिनट में ढूंढकर पर्यटक को लौटाया
आगरा, 16 मार्च 2026। ताजमहल घूमने आई एक महिला पर्यटक का कीमती मोबाइल फोन खो जाने के बाद ताज सुरक्षा पुलिस की तत्परता से महज 30 मिनट के भीतर खोजकर उन्हें सुरक्षित वापस लौटा दिया गया। अपना फोन वापस मिलने पर पर्यटक ने आगरा पुलिस का आभार व्यक्त किया।
जानकारी के अनुसार पश्चिम बंगाल के कोलकाता से ताजमहल देखने आई महिला पर्यटक रिंकी नाथ मंडल ताजमहल परिसर में भ्रमण के दौरान अपना ओप्पो कंपनी का लगभग ₹20,000 कीमत का नया मोबाइल फोन कहीं भूल गई थीं। कुछ देर बाद जब उन्हें अपने फोन के गुम होने का पता चला तो उन्होंने तुरंत ताजमहल के पश्चिमी गेट पर स्थित थाना ताज सुरक्षा पुलिस को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही ताज सुरक्षा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस टीम ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, साथ ही रेडियो अनाउंसमेंट और आरटी सेट के माध्यम से सूचना प्रसारित की। लगातार प्रयास के बाद लगभग 30 मिनट के अंदर गुम हुआ मोबाइल फोन खोज लिया गया।
बताया गया कि यह मोबाइल फोन उड़ीसा की महिला पर्यटक स्वर्णका पति को मिला था। पुलिस ने उनसे संपर्क स्थापित कर मोबाइल फोन को सुरक्षित रूप से असली मालिक महिला पर्यटक रिंकी नाथ मंडल के सुपुर्द कर दिया।
अपना मोबाइल फोन सुरक्षित वापस मिलने पर महिला पर्यटक ने ताज सुरक्षा पुलिस और आगरा पुलिस की तत्परता की सराहना करते हुए उनका धन्यवाद किया।
इस सराहनीय कार्य में पुलिस टीम के उप निरीक्षक शिवराज सिंह, उप निरीक्षक आशना बी, आरक्षी दुर्गेश कुमार और महिला आरक्षी प्रति यादव शामिल रहे।
रिपोर्टर : अनीस सैफी
📞 9411086221

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *