“ऑपरेशन टूरिस्ट डिलाइट” के तहत सुरक्षा के साथ दिखी भारतीय आतिथ्य परंपरा की झलक
आगरा, 25 अप्रैल 2026।
विश्व प्रसिद्ध ताजमहल पर अब विदेशी पर्यटकों को सिर्फ ऐतिहासिक धरोहर का दीदार ही नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और आतिथ्य का विशेष अनुभव भी मिल रहा है।
ताजमहल के पश्चिमी प्रवेश द्वार पर आगरा पुलिस द्वारा “ऑपरेशन टूरिस्ट डिलाइट” के तहत एक सराहनीय पहल की जा रही है। इस पहल के अंतर्गत पुलिस की क्विक रिस्पॉन्स टीम विदेशी सैलानियों का स्वागत “अतिथि देवो भवः” और “वसुधैव कुटुंबकम्” की भावना के साथ कर रही है।
शनिवार को यूरोपियन यूनियन और वियतनाम सहित विभिन्न देशों से आए पर्यटकों के समूह का स्वागत करते हुए पुलिसकर्मियों ने उन्हें आवश्यक सुरक्षा प्रदान की, साथ ही मित्रवत व्यवहार और संवाद के माध्यम से उनकी यात्रा को सहज और यादगार बनाने का प्रयास किया।
इस दौरान पर्यटकों ने आगरा पुलिस के सहयोगात्मक रवैये और सौहार्दपूर्ण व्यवहार की खुलकर सराहना की।
कार्यक्रम में उप निरीक्षक पंकज सिंह पटेल, आरक्षी आशु तथा महिला आरक्षी रीतू सहित अन्य पुलिसकर्मी सक्रिय रूप से मौजूद रहे।
यह पहल न केवल पर्यटकों के बीच सकारात्मक संदेश दे रही है, बल्कि आगरा की छवि को एक सुरक्षित और मेहमाननवाज़ पर्यटन स्थल के रूप में भी मजबूत कर रही है।


