Agra:भीमनगरी महोत्सव का शानदार समापन, श्रेया वर्मा और श्रष्टि सरगम की प्रस्तुति ने बांधा समां नगला छऊआ में सजेगी अगली हाईटेक भीमनगरी, भव्य समापन के साथ हुआ बड़ा ऐलान Tv92News

Spread the love

नगला छऊआ में सजेगी अगली हाईटेक भीमनगरी, भव्य समापन के साथ हुआ बड़ा ऐलान

भीमनगरी महोत्सव का शानदार समापन, श्रेया वर्मा और श्रष्टि सरगम की प्रस्तुति ने बांधा समां

250 मेधावी छात्र-छात्राओं, वयोवृद्ध बुजुर्गों व सहयोगियों का हुआ सम्मान

आगरा। ग्यासपुरा क्षेत्र में आयोजित तीन दिवसीय भीमनगरी महोत्सव का शुक्रवार को जीआईसी मैदान में भव्य और ऐतिहासिक समापन हुआ। चक्रवर्ती सम्राट अशोक महल के भव्य मंच पर आयोजित इस समारोह ने सामाजिक जागरूकता, सांस्कृतिक ऊर्जा और एकता का अद्भुत संदेश दिया।

समापन अवसर पर इंडियन आइडल फेम श्रेया वर्मा और मशहूर गायिका श्रष्टि सरगम ने तथागत बुद्ध और भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों से प्रेरित लोकगीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर पूरे माहौल को उत्साह और भावनाओं से सराबोर कर दिया। कार्यक्रम स्थल “जय भीम” के नारों से गूंज उठा।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व एससी/एसटी आयोग अध्यक्ष एवं दिल्ली सरकार में मंत्री रहे राजेंद्र पाल गौतम, बाराबंकी सांसद तनुज पौनिया और हरियाणा से राज्यसभा सांसद कर्मवीर बौद्ध द्वारा बाबा साहेब को नमन कर किया गया। मदर लेप स्कूल के बच्चों ने योगा डांस प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

अपने संबोधन में राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि बाबा साहेब ने समाज को जो मतदान का अधिकार दिलाया, वह लंबे संघर्ष का परिणाम है। उन्होंने कहा कि पहले केवल सीमित वर्ग को ही मताधिकार था, लेकिन डॉ. आंबेडकर ने सभी को समान अधिकार दिलाकर लोकतंत्र को मजबूत बनाया। उन्होंने समाज से शिक्षा, संगठन और संघर्ष के मार्ग पर चलने का आह्वान किया और आर्थिक सशक्तिकरण पर जोर दिया।

कार्यक्रम के पहले सत्र में 250 मेधावी छात्र-छात्राओं, 80 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों तथा आयोजन में योगदान देने वाले सहयोगियों को पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। साथ ही सरकारी सेवाओं में चयनित युवाओं को भी मंच से सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान छात्राओं ने बाबा साहेब के जीवन संघर्ष और शिक्षा के महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया, जिसने दर्शकों को भावुक कर दिया।

संयोजक राहुल सागर ने बताया कि यह तीन दिवसीय आयोजन शासन, प्रशासन और नगर निगम सहित सभी विभागों के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिसके लिए आयोजन समिति ने सभी का आभार व्यक्त किया। मेले में लगे खान-पान के स्टॉल, चाट-पकौड़ी और झूलों का बच्चों व महिलाओं ने जमकर आनंद उठाया। देर रात तक लोगों की भीड़ उमड़ती रही।

इस दौरान केंद्रीय समिति अध्यक्ष धर्मेंद्र सोनी और महासचिव श्याम जरारी ने घोषणा की कि वर्ष 2027 की अगली भीमनगरी नगला छऊआ के रेलवे ग्राउंड में आयोजित की जाएगी। इसके लिए शहर के कई क्षेत्रों से प्रस्ताव आए थे, लेकिन सर्वसम्मति से नगला छऊआ का चयन किया गया।

उन्होंने बताया कि अगली भीमनगरी को और अधिक भव्य, आधुनिक और हाईटेक बनाया जाएगा, जिसमें आधुनिक तकनीकों के माध्यम से बाबा साहेब के विचारों और संदेशों को नई पीढ़ी तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार एवं डीसीपी सैयद अली अब्बास को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर आयोजन समिति के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

रिपोर्ट: अनीश सैफी, TV92 न्यूज़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *