Agra:भीषण गर्मी का असर: ताजमहल में महिला पर्यटक बेहोश, ताज सुरक्षा पुलिस की तत्परता से बची जान Tv92News

Spread the love

भीषण गर्मी का असर: ताजमहल में महिला पर्यटक बेहोश, ताज सुरक्षा पुलिस की तत्परता से बची जान
(आगरा | 19 अप्रैल 2026)
देश में लगातार बढ़ती गर्मी अब पर्यटन स्थलों पर भी अपना असर दिखाने लगी है। विश्व प्रसिद्ध स्मारक ताजमहल में रविवार को एक महिला पर्यटक अचानक बेहोश हो गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, असम से अपने परिवार के साथ ताजमहल घूमने आईं 55 वर्षीय महिला मिट्ठू रानी, पत्नी शंभू दास, सुबह लगभग 10 बजे अमरूद टीला बैरियर के पास अचानक बेहोश होकर गिर पड़ीं। तेज धूप और बढ़ते तापमान को इस घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही वहां ड्यूटी पर तैनात उप निरीक्षक दशरथ सिंह यादव ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत कार्रवाई की। उन्होंने पर्यटन सुविधा केंद्र से एंबुलेंस बुलवाई और महिला को तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया। इसके बाद उन्हें बिना समय गंवाए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।
डॉक्टरों के अनुसार, समय पर उपचार मिलने के कारण महिला की स्थिति अब स्थिर और बेहतर बताई जा रही है। इस पूरी घटना में ताज सुरक्षा पुलिस की सक्रियता और संवेदनशीलता ने एक बड़ा हादसा होने से टाल दिया।
महिला पर्यटक के परिजनों ने आगरा पुलिस और ताज सुरक्षा पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समय पर मिली मदद उनके लिए किसी राहत से कम नहीं है।
गौरतलब है कि इन दिनों तापमान में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है, जिसका असर ताजमहल आने वाले पर्यटकों पर भी साफ दिखाई दे रहा है। ऐसे में ताज सुरक्षा पुलिस द्वारा पर्यटकों को लगातार जागरूक किया जा रहा है। उन्हें धूप से बचने, छायादार स्थानों में रहने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और ओआरएस घोल का सेवन करने की सलाह दी जा रही है।
इस मानवीय और त्वरित कार्रवाई के लिए ताज सुरक्षा पुलिस की हर ओर सराहना हो रही है।
पुलिस टीम में शामिल:
उप निरीक्षक दशरथ सिंह यादव
महिला मुख्य आरक्षी मंजू गिरी
आरक्षी जितेंद्र यादव
आगरा से TV92 News के लिए अनीश सैफी की रिपोर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *